Tuesday, June 2, 2020

Cyclone Nisarga Updates: अगले 24 घंटे में बेहद गंभीर रूप ले सकता है निसर्ग तूफान


नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को कहा कि निसर्ग तूफान महाराष्ट्र तट की ओर बढ़ रहा है और 3 जून को मुंबई के करीब इसके टकराने की संभावना है। यह चक्रवात पिछले 6 घंटे में 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में यह तूफान बेहद गंभीर रूप ले सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार मुताबिक यह चक्रवात ईस्ट-सेंट्रल अरब सागर के ऊपर 15 डिग्री उत्तर अभी पंजिम (गोवा) के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम से 280 किमी, मुंबई (महाराष्ट्र) के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम से 490 किमी और सूरत (गुजरात) के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम से 710 किमी दूर है। आइएमडी के मुताबिक अगले 6 घंटे के दौरान लगभग उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। महाराष्ट्र और गुजरात के बीच हरिहरेश्वर और दमन से तटों से तीन जून की दोपहर को गुजरेगा।
महाराष्ट्र में राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ टीमें तैनात
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के महानिदेशक एसएन प्रधान ने कहा कि गंभीर चक्रवात के मद्देनज़र महाराष्ट्र में राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार एनडीआरएफ की टीमें पालघर में सर्वेक्षण करती हुई दिखी।
मुंबई समेत महाराष्ट्र के तटवर्ती इलाकों के प्रभावित होने की संभावना
निसर्ग तूफान से मुंबई समेत महाराष्ट्र के तटवर्ती जिले सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, ठाणे, रायगढ़ और पालघर सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। भारी बारिश के कारण इन इलाकों में पानी भरने की संभावना है। तेज हवा के कारण पेड़, टेलीफोन लाइन, बिजली के खंभों को भी नुकसान होने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र और केरल तट की ओर न जाने की सलाह दी है।
एनडीआरएफ की 23 टीमें तैनात
बता दें कि गृह मंत्रालय ने सोमवार को जानकारी दी थी कि हालात से निपटने के लिए महाराष्ट्र, गुजरात, दमन एवं दीव और दादर व नगर हवेली में एनडीआरएफ की 23 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें से 11 टीमें गुजरात में, 10 टीमें महाराष्ट्र में और दो टीमें दमन एवं दीव और दादर व नगर हवेली में तैनात हैं।