Tuesday, June 2, 2020

Locust Attack : ओडिशा के इस जिले के ओर बढ़ रहा है टिड्डी दल, किसान हुए सतर्क


राउरकेला, जागरण संवाददाता। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की ओर आ रहा है टिड्डी दल। यह दल ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से मात्र 350 किलो मीटर की दूरी पर छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के भरतपुर प्रखंड के मानिकतरई और ज्वारिटोला गांव पहुंच चुका है। रविवार को टिड्डियों का यह दल मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ सीमा में प्रवेश कर चुका है। एक दिन में डेढ़ सौ किलोमीटर का सफर तय करने वाला टिड्डी दल कभी भी पश्चिम ओडिशा में प्रवेश कर सकता है।
इसलिये छत्तीसगढ़ सीमा से सटे पश्चिम ओडिशा के सुंदरगढ़, बरगढ़, बलांगीर, कलाहांडी, नुआपाड़ा जिले के लिए यह चिंता का विषय बन गया है। हालांकि हवा की गति अगर विपरीत रही तो टिड्डियों के दल का रूख आंध्रप्रदेश या बिहार की ओर हो सकता है। उधर, टिड्डी जनित संभावित आपदा से निबटने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर कृषि विभाग की ओर से उपरोक्त जिलों के लिए सतर्कता जारी की गयी है।
त्वरित जागरूकता के लिए वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किसानों को इन कीटों से निबटने के लिए विभिन्न उपाय सुझाए जाने की जानकारी कृषि उपनिदेशक लक्ष्मीनारायण दास ने दी है। प्रखंड व ग्राम कृषि कर्मचारी को टिड्डी के प्रवेश पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। केद्र सरकार के निर्देशानुसार 12 औषधि के साथ- साथ नीम तेल के प्रयोग पर बल दिया गया है। सुंदरगढ़ जिले के 279 पंचायत में से 276 पंचायत के किसानों तक यह यह सूचना उनके लिए बनाए गए वाट्सएप ग्रुप के जरिए दिया गया है। जिसमें 26,379 किसान जुड़े हुए है।