बंगाल की खाड़ी में चक्रवात उठने से बिहार में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया है। आज सुबह शेखपुरा में वज्रपात से एक चरवाहे की मौत हो गई है। बता दें कि गुरुवार से लेकर आज अभी तक प्रदेश में 100 से ज्यादा लोगों की वज्रपात से मौत की सूचना है, साथ ही कई लोग झुलस गए हैं जिनका इलाज चल रहा है। वहीं कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दो ट्रफ लाइनें गुजर रही हैं बिहार से
दरअसल, राज्य में मानसून जोर-शोर से सक्रिय है। वर्तमान में प्रदेश से दो ट्रफ लाइन (कम दबाव का क्षेत्र) गुजर रही है। इस कारण उत्तरी बिहार में भारी बारिश हो रही है। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक रहने की उम्मीद है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा का कहना है कि शनिवार तक प्रदेश में भारी बारिश होगी। उसके बाद मानसून की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। मानसून के दौरान होने वाली यह सामान्य बारिश है। इस वर्ष मानसून समय पर आया है। इससे बेहतर बारिश की उम्मीद की जा रही है। शुक्रवार को दिनभर सुबह से रात तक दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही।
