Saturday, June 27, 2020

गुजरातः BJP में शामिल हुए कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले 5 विधायक

राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले रिजॉर्ट पॉलिटिक्स के बावजूद कांग्रेस टूट गई थी. पांच विधायकों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था. तीन और विधायकों ने लॉकडाउन खत्म होने के बाद हाथ का साथ छोड़ दिया था. अब राज्यसभा चुनाव संपन्न होने के बाद इन विधायकों के सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो गया है.
कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले 8 में से 5 विधायकों ने शुक्रवार को सत्ताधारी भाजपा का दामन थाम लिया. गुजरात भाजपा के मुख्यालय कमलम् में अबडासा से विधायक रहे प्रद्युम्न सिंह जडेजा और चार अन्य पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हुए. इनमें मोरबी से विधायक रहे बृजेश मिरजा, कपराडा से विधायक रहे जीतू चौधरी, धारी के जेवी काकडिया और करजन से विधायक रहे अक्षय पटेल शामिल हैं.
इन नेताओं ने गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतू वाधानी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. भाजपा में नेताओं का स्वागत करते हुए वधानी ने कहा कि इनकी मौजूदगी से पार्टी को मजबूती मिलेगी. उन्होंने रिक्त विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी भाजपा की जीत का विश्वास व्यक्त किया.

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पहले पांच और फिर तीन, यानी कुल आठ विधायकों ने विधानसभा और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. आठ विधायकों के इस्तीफे के कारण राज्यसभा की दो सीटें जीतती लग रही कांग्रेस महज एक ही सीट जीत सकी थी.